सेवा-संकल्प अभियान के तहत गाँधी जयंती के अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक चौधरी, अपर आयुक्त श्री टी प्रतीक राव एवं जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और नागरिकों ने विशेष स्वच्छता अभियान में वार्ड-3 विनय नगर के गौरीशंकर स्कूल के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया। कलेक्टर के साथ ही नगर निगम आयुक्त, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।

स्वच्छता अभियान में पार्षदगण श्रीमती आशा सुरेन्द्र चौहान, श्री सोनू राजपूत, श्रीमती सुनीता अरुण कुशवाह, ब्रम्हकुमारी संस्था की दीदियों, स्कूल के शिक्षकों और नागरिकों ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। वार्ड क्रमांक 3 स्थित विनय नगर स्थित गौरीशंकर स्कूल क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक चौधरी, अपर आयुक्त श्री टी प्रतीक राव सहित पार्षदों ने हाथों में झाडू थाम कर सफाई की।

इसके साथ ही विनय नगर में पार्क में वालेंटियरों एवं आमजनों के साथ सामाजिक संस्थाओं ने सफाई अभियान चलाया। इस अभियान से पूरे क्षेत्र को स्वच्छ किया गया।

पूरे क्षेत्र को साफ करने के लिए पल्ग रन बनाकर अभियान चलाया गया, इसमें वालेंटियरों, सफाई मित्रों, समाजसेवी संगठनों के सदस्यों ने हाथों में कैरी बैग लिए, इसके बाद सडक़ से पड़ा एक-एक कचरे को हाथ से उठाकर कैरी बैग में डाला।

सफाई वाहनों से तत्काल कचरे को भेजा केदारपुर

पल्ग रन के दौरान ढेर सारी मात्रा में एकत्रित किए गए कचरे को निस्तारण के लिए वाहनों की मदद से तत्काल केदारपुर लैण्डफिल साइड पर भेजा गया। पल्ग रन के दौरान इस बात का ध्यान रखा गया कि विशेष देखभाल कचरा, सेनेट्री वेस्ट, गीला एवं सूखे कचरे को अलग-अलग बैग में एकत्रित किया जाए, जिससे केदारपुर में कचरा को अलग-अलग करने में परेशानी ना हो।

गौरीशंकर स्कूल के सामने से लेकर पूरे सडक़ मार्ग पर खाली स्थानों पर पौधरोपण के लिए क्यारियां बनाई गई थीं, इन क्यारियों में कलेक्टर, गौरीशंकर स्कूल के शिक्षकों एवं नगर निगम के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने पौधरोपण किया, इसके बाद इन क्यारियों को सजाने के लिए सुंदर-सुंदर पेटिंग उकेरी गई।

गाँधी जयंती के अवसर पर जिले भर में चलाया गया स्वच्छता अभियान

2 अक्टूबर गाँधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में प्रशासन के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं और गणमान्य नागरिकों ने स्वच्छता अभियान चलाया। शहरी क्षेत्र में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने वार्ड-3 में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ स्वच्छता अभियान में भागीदारी की। इसके साथ ही शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी अनेक स्थानों पर जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान चलाया गया। मोहना, आंतरी, बिलौआ सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने स्वच्छता अभियान में भागीदारी कर स्वच्छता का संदेश दिया।