प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उप नगर ग्वालियर के भूतपूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों का सम्मान किया। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर के रेसकोर्स रोड स्थित 38 नम्बर कार्यालय पर आयोजित इस समारोह में देश की सरहद की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सपूतों की वीरांगनाओं, उनके परिजनों एवं पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर श्री योगेन्द्र सिंह तोमर, श्री प्रमोद परमार, श्री शैलेन्द्र सिंह सिकरवार, श्री लवी खंडेलवाल, श्री महेश सिंह भदौरिया, श्री अरुण बाजपेयी सहित वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने वीर सैनिकों से जुड़ी स्मृतियों एवं वीर गाथाओं को साझा करते हुए राष्ट्र सेवा में सैनिकों के योगदान को अनुकरणीय बताया।
समारोह के दौरान ऊर्जा मंत्री ने 51 वीर सपूतों को शॉल और श्रीफल भेंट कर उनके त्याग, समर्पण एवं देश के प्रति योगदान को नमन करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैनिकों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। सेवा संकल्प अभियान के तहत उप नगर ग्वालियर में समाज के विभिन्न वर्गों के सम्मान, कल्याण एवं जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आयोजित इस समारोह के माध्यम से वीर सैनिकों एवं उनके परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को अभिव्यक्त किया गया।


