मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान एवं सेवा सेतु अभियान के तहत शनिवार को जनपद पंचायत चावरपाठा की ग्राम पंचायत चावरपाठा में जनसंवाद एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तेंदूखेड़ा विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में अतिथियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों का पंजीयन एवं आवश्यक कार्यवाही की गई। शिविर में आधार संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने कहा कि सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण और क्षेत्र के विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है कि वे योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएं और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि नागरिकों के कल्याण के लिए विभिन्न अभियान संचालित किए जा रहे हैं। ग्राम एवं जनपद स्तर पर आयोजित शिविरों में खंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है, ताकि नागरिकों को योजनाओं की जानकारी और सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकें। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता के साथ ऐसे अभियानों को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।

विधायक श्री पटेल ने शासन की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत अभियान, लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से नागरिकों को लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने किसानों, श्रमिकों, महिलाओं एवं गरीब परिवारों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य नागरिकों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता को कम करना है। ग्राम एवं जनपद स्तर पर शिविर आयोजित कर स्थानीय स्तर पर ही नागरिकों की समस्याओं का समाधान और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिले में सेवा संकल्प अभियान और सेवा सेतु अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से नागरिकों से आवेदन प्राप्त कर उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविरों में ई-केवायसी, नवीन आधार कार्ड बनाने एवं आधार कार्ड में संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने प्रधानमंत्री मानधन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि संबल योजना के अंतर्गत पंजीकृत 18 से 40 वर्ष आयु के पात्र हितग्राहियों के मानधन योजना के तहत खाते खुलवाए जा रहे हैं। योजना के अंतर्गत 60 वर्ष की आयु के बाद 3 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन का लाभ प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने पात्र नागरिकों से योजना का लाभ लेने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण, राजस्व संबंधी कार्य तथा किसानों की फार्मर आईडी बनाने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपनी फार्मर आईडी बनवाने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर ने उपस्थित नागरिकों को सामूहिक नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने नागरिकों से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

8 स्वसहायता समूहों को 32.50 लाख रुपये के चेक वितरित

कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। 8 स्वसहायता समूहों की महिलाओं को कुल 32 लाख 50 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना के तहत श्री संदीप मिश्रा को 9 लाख रुपये का हितलाभ प्रदान किया गया।

आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना के तहत श्री ऋषिकुमार दुबे, श्री रामदास बैरागी, श्रीमती प्रियंका दुबे, श्री परषोत्तम सिलावट एवं श्री नितिन साहू को 1-1 लाख 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। इसी प्रकार 10 प्लस एक बकरी इकाई योजना के तहत श्री प्रमोद पाली, श्री बाबूलाल यादव, श्री धनीराम पाली, श्री प्रदीप पाली एवं श्रीमती रेखा पाली को 30 हजार 982 रुपये की अनुदान राशि वितरित की गई।

इसके अलावा श्री पीताम्बर शुक्ला, श्री राकेश लोधी, श्रीमती गोमती बाई, श्री प्रयाग दुबे एवं श्री संतोष पाली को पशुपालन क्रेडिट कार्ड प्रदान किए गए।2 नवीन आधार कार्ड बनाए गए तथा 31 आधार कार्ड अपडेट किए गए। इस प्रकार कुल 33 नागरिकों को आधार संबंधी सेवाओं का लाभ मिला।

अतिथियों ने प्राकृतिक खेती करने वाले 5 कृषकों एवं 2 कृषि सखियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 3 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। कार्यक्रम में 8 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, 2 किसानों को स्प्रे पंप, 2 बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ तथा 3 हितग्राहियों को पीएमएफएमई योजना के तहत लाभांवित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली 3 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

शिविर में कुल 230 लोगों की हुई स्वास्थ्य संबंधी जांचें

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग के द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 97 नागरिकों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं 34 नागरिकों की निक्षय आईडी बनाई गई तथा टीबी की जांच की गई। 47 नागरिकों की एनसीडी (गैर-संचारी रोग) संबंधी जांच की गई। इसके अलावा 52 युवा बालिकाओं की हीमोग्लोबिन जांच की गई, जिसमें एनीमिया की स्थिति की जांच की गई।

शिविर के दौरान प्राप्त हुए 1033 आवेदन

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान एवं सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में नागरिकों से विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित कुल 1033 आवेदन प्राप्त किए गए। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपकर नियमानुसार निराकरण की कार्रवाई की जा रही है।

विभिन्न विभागों के स्टॉलों से ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी

शिविर में समग्र आईडी एवं ई-केवायसी, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक न्याय विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों का पंजीयन करने के साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री धनंजय सिंह पटेल, श्री देवेंद्र गंगोलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, हितग्राही एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।