कटनी (28 सितंबर) - मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड बहोरीबंद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बहोरीबंद में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम ब्लॉक समन्वयक श्री अरविंद शाह की उपस्थिति एवं श्री राकेश गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री राकेश गर्ग एवं उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।

इसके बाद श्री रामेश्वर पटेल ने गीत प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं सोनू विश्वकर्मा, खुशी पाठक, नंदिता लोधी, अभिलाष, इंद्रजीत एवं वीरेंद्र ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, व्यक्तित्व एवं विचारों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में परामर्शदाता श्री रामसिंह पटेल, श्री अवधेश बैरागी एवं श्रीमती उमा अवस्थी तथा ब्लॉक समन्वयक श्री अरविंद शाह ने अपने विचार व्यक्त किए।

मुख्य वक्ता श्री राकेश गर्ग ने पूंजीवाद, सामंतवाद से मानवतावाद तक विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की अवधारणा को सरलता से समझाया। कार्यक्रम के अंत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों एवं संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

साथ ही अपने-अपने गांवों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, शिक्षा के प्रसार तथा अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

कार्यक्रम में नवांकुर संस्था से धनीराम पटेल एवं भूपेंद्र दाहिया, परामर्शदाता अवधेश बैरागी, रामसिंह पटेल, विनोद सिंह, उमा अवस्थी एवं मुकेश सिंह सेंगर तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष-सचिव रामभरोस पटेल, बहादुर सिंह, वीरेंद्र सिंह एवं सुमित परोहा सहित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया गया।