गांधी जयंती के शुभ अवसर पर ‘ स्वच्छता ही सेवा ’ अभियान के अंतर्गत जिले के ग्राम पंचायत लोनादेई के वनग्राम मोरघाट में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, सुश्री नेहा सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
‘ स्वच्छता ही सेवा ’ अभियान के तहत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं श्रमदान कर ग्राम के सार्वजनिक स्थलों, मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की। श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने मिलकर स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता की तथा ग्राम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर अपनाई जाने वाली सामूहिक जिम्मेदारी है।
सभी नागरिक अपने घर, गांव एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहभागिता निभाएं और अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा किए गए सामूहिक श्रमदान ने जनभागीदारी एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

