खिलचीपुर की दीपा वर्मा ने संघर्ष, मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर सफलता हासिल कर बेटियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। पिता श्री बीरम सिंह वर्मा ने उनका प्रवेश कन्या उत्कृष्ट छात्रावास, खिलचीपुर में कराया। छात्रावास में अधीक्षक के मार्गदर्शन और अनुशासित वातावरण में रहकर दीपा ने वर्ष 2018 में विज्ञान विषय से कक्षा 12वीं में 72 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

स्कूल शिक्षा के बाद भी दीपा ने अपनी मेहनत जारी रखी और 21 जून, 2025 को मध्यप्रदेश पुलिस में महिला आरक्षक के पद पर उनका चयन हुआ। अपनी सफलता का श्रेय दीपा ने अपने माता-पिता और छात्रावास अधीक्षक के मार्गदर्शन को दिया। दीपा की सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, शिक्षा और सही मार्गदर्शन से बेटियां भी अपने सपनों को साकार कर सकती हैं।