जिले की इछावर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के अंतर्गत स्वीकृत 36 मार्गों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन 27 सितंबर को किया जाएगा। ग्राम बोरदी कलां, तहसील इछावर में प्रातः 11:30 बजे आयोजित होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में विकास कार्यों का शुभारंभ होगा। कार्यक्रम में पंचायत, ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा तथा प्रभारी मंत्री सीहोर एवं पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार श्रीमती कृष्णा गौर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत इन 36 मार्गों के निर्माण से इछावर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों एवं बाजारों से जोड़ने के साथ ही सड़क संपर्क मजबूत होने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि उपज के परिवहन तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
लंबे समय से बेहतर सड़क संपर्क की आवश्यकता वाले ग्रामीण क्षेत्रों के लिए इन मार्गों का निर्माण स्थानीय आवागमन और विकास गतिविधियों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। भूमिपूजन कार्यक्रम ग्राम बोरदी कलां में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, जनपद पंचायत इछावर की अध्यक्ष श्रीमती रेखा बाई जगदीश पटेल तथा जनपद पंचायत सीहोर की अध्यक्ष श्रीमती नावड़ी बाई सूर सिंह बारेला भी कार्यक्रम में शामिल होंगी।

