कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने शनिवार को बरघाट विकासखंड की शासकीय उन्नयन माध्यमिक शाला पौनार कला का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में दर्ज विद्यार्थियों की संख्या एवं उनकी उपस्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सहज संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ और कक्षा में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान उन्होंने बच्चों से गणित के सामान्य प्रश्न हल करवाकर उनके शैक्षणिक स्तर का जायजा लिया तथा सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।कलेक्टर श्रीमती मीना ने विद्यार्थियों की कॉपियां देखकर कक्षा में कराए जा रहे अध्ययन कार्य, लेखन एवं अभ्यास की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में संचालित टीएलएम गतिविधियों को भी देखा तथा बच्चों द्वारा शिक्षण सामग्री के माध्यम से किए जा रहे सीखने के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने विद्यार्थियों को इसी प्रकार गतिविधियों में रुचि लेकर सीखने के लिए प्रोत्साहित किया। शिक्षकों से टीएलएम के उपयोग, कक्षा में अपनाई जा रही शिक्षण पद्धति तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के संबंध में जानकारी ली।उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी भी ली। साथ ही विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए शिक्षकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनकी रुचि के विषयों तथा विद्यालय में होने वाली गतिविधियों के बारे में भी बातचीत की।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मीना ने बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया तथा बच्चों से भोजन के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
उन्होंने यह भी जाना कि विद्यार्थियों को नियमित रूप से मध्यान्ह भोजन मिल रहा है या नहीं।कलेक्टर ने विद्यार्थियों के परिजनों से भी संवाद किया। उन्होंने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में परिजनों से फीडबैक लिया। उन्होंने परिजनों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी पढ़ाई में घर पर भी आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।
इस दौरान विद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की गई।




