भारत के सर्वोच्च न्यायालय की मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति (MCPC) द्वारा “मीडिएशन फॉर द नेशन 3.0” के अंतर्गत 90 दिवसीय “राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान” शुरू किया गया है। अभियान का उद्देश्य तहसील स्तर से लेकर जिला न्यायालयों और उच्च न्यायालयों तक लंबित प्रकरणों का मध्यस्थता के माध्यम से आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है।

अभियान के तहत जिला न्यायालय सीधी में इसकी रूपरेखा और आगामी गतिविधियों के संबंध में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी प्रयाग लाल दिनकर के मार्गदर्शन तथा नोडल अधिकारी “मीडिएशन फॉर द नेशन 3.0” एवं विशेष न्यायाधीश यतीन्द्र कुमार गुरू के नेतृत्व में 23 सितंबर को बैठक आयोजित की गई।

बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के विश्राम कक्ष में हुई। इसमें जिला न्यायालय सीधी के समस्त न्यायाधीश तथा तहसील न्यायालय चुरहट, मझौली और रामपुर नैकिन के न्यायाधीश वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, अधिक से अधिक प्रकरणों को मध्यस्थता के माध्यम से निराकृत करने तथा आमजन को मध्यस्थता के लाभों की जानकारी देने पर चर्चा की गई। अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली आगामी गतिविधियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई।

मध्यस्थता की प्रक्रिया एवं उपयोगिता की दी जानकारी

बैठक के बाद मध्यस्थता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। नोडल अधिकारी “मीडिएशन फॉर द नेशन 3.0” एवं विशेष न्यायाधीश यतीन्द्र कुमार गुरू ने उपस्थितजनों को मध्यस्थता की अवधारणा, प्रक्रिया और उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने पक्षकारों को आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में विवादों का समाधान तलाशने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रयाग लाल दिनकर, विशेष न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी यतीन्द्र कुमार गुरू, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय दीपक शर्मा, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ सीधी बृजेन्द्र सिंह, द्वितीय जिला न्यायाधीश मनीष कुमार श्रीवास्तव, प्रथम जिला न्यायाधीश राकेश कुमार सोनी, तृतीय जिला न्यायाधीश रवीन्द्र कुमार शर्मा, तृतीय अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राकेश जमरा, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सतीशमणी त्रिपाठी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सीधी विनोद कुमार वर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सीधी सरिता चौधरी, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सीधी सोनू जैन, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सीधी अर्पिता त्रिपाठी, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सीधी आकर्ष मिश्रा, जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक एवं सचिव अधिवक्ता संघ रवीन्द्र कुमार गौतम उपस्थित रहे।