बड़वानी विकासखंड के सिलावद और चिकला क्लस्टर की 22 ग्राम पंचायतों में 18 सितंबर को आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविरों में ग्रामीणों ने 1560 आवेदन दिए। प्रशासन के अनुसार इनमें से 1392 आवेदनों का शिविर स्थल पर ही निराकरण कर दिया गया।
शिविरों का उद्देश्य लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी और लोक सेवाओं का तय समय में प्रदाय करना था। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ और प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक सुनी गईं समस्याएं
अभियान के पहले चरण में संबंधित ग्राम पंचायतों में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नोडल अधिकारियों और उनकी टीमों ने आवेदन लिए। इस दौरान योजनाओं से जुड़े मामलों और ग्रामीणों की समस्याओं पर कार्रवाई की गई।
शेष आवेदनों के लिए एक दिन की समय सीमा
जो आवेदन मौके पर हल नहीं हो सके, उनके उचित परीक्षण और जरूरत के अनुसार मौका मुआयना करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने इन आवेदनों का एक दिन के भीतर निराकरण करने को कहा है।
दूसरे चरण में शासकीय हाईस्कूल चिकला में कलेक्टर और वरिष्ठ अधिकारियों की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें पंचायत स्तर के शिविरों में किए गए कार्यों का मूल्यांकन किया गया।
शिविर और समीक्षा के दौरान कलेक्टर जयति सिंह, जिला पंचायत सीईओ अर्पित गुप्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे। लंबित आवेदन देने वाले लोगों के मामलों पर परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई की जानी है।




