गुना जिले के बरखेड़ागिर्द में शुक्रवार को लगे मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में ग्रामीणों की कई समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। शिविर में ई-केवाईसी, आधार और स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।
ड्रोन से दिखाई आधुनिक खेती की राह
ग्राम पगारा की ड्रोन दीदी किरण अहिरवार ने शिविर में ड्रोन उड़ाकर इसके संचालन का प्रदर्शन किया। वह वर्मी कंपोस्ट, जैविक खेती और नमो ड्रोन के जरिए हर महीने लगभग 12 से 15 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं।
किरण अब मास्टर ट्रेनर के रूप में 125 से अधिक किसानों को जैविक खेती की बारीकियां सिखा रही हैं। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उनसे संवाद किया और ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक तकनीक की पहुंच का उल्लेख किया।
अधूरी ई-केवाईसी पूरी कर सुलझाया मामला
शिविर में बलवीर सिंह ने सम्मान निधि की राशि नहीं मिलने की समस्या रखी। जांच में उनकी ई-केवाईसी अधूरी मिली, जिसे तत्काल पूरा कराया गया। बैंक स्टेटमेंट निकालकर उन्हें बताया गया कि राशि उनके खाते में जारी हो चुकी है।
विभिन्न विभागों ने शिविर में प्रदर्शनियां भी लगाईं और ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं का पंजीयन कराया। जिन आवेदनों का तत्काल समाधान नहीं हो सका, उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने बताया कि अभियान जनवरी तक चलेगा और प्रत्येक शुक्रवार को समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जाएगा।
राशन दुकान और आंगनबाड़ी की व्यवस्था देखी
सिंधिया ने बरखेड़ागिर्द की राशन दुकान में वितरण प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से संवाद किया, गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार किट बांटी और कार्यकर्ताओं से उनके कामकाज की जानकारी ली।
शिविर में सिंधिया ने बताया कि कैंट चौराहे से गुलाबगंज तक प्रस्तावित सड़क का डीपीआर तैयार हो चुका है। करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण कराने की योजना है।


