छिंदवाड़ा के नगर वितरण केंद्र में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में बिजली उपभोक्ताओं ने 42 शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें बिजली बिल और नए विद्युत कनेक्शन से जुड़े मामले शामिल थे, जिनमें से अधिकांश का मौके पर निराकरण किया गया।

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के तहत लगे शिविर में छिंदवाड़ा शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से करीब 110 उपभोक्ता पहुंचे। प्रमुख सचिव (ऊर्जा) मनीष सिंह ने शिकायतें सीधे सुनीं और उपभोक्ताओं से विद्युत सेवाओं पर सुझाव भी मांगे।

कृषि उपभोक्ताओं ने रखी फ्लैट रेट बिल की मांग

शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति वाले कृषि उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर के अनुसार जारी मासिक बिल की जगह फ्लैट रेट से बिल देने की मांग रखी। शिविर में उन्हें मध्यप्रदेश नियामक आयोग के टैरिफ नियमों की जानकारी दी गई।

उपभोक्ताओं को पीएम सूर्य घर योजना के बारे में भी बताया गया। प्रमुख सचिव ने विद्युत व्यवस्था और सेवाओं की स्थिति को लेकर उपस्थित लोगों से सीधा संवाद किया।

गांवों में शिविर लगाने के निर्देश

प्रमुख सचिव ने शिविर में मिले शेष मामलों और सुझावों पर तय समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बिजली बिल सुधार, जले ट्रांसफार्मर बदलने और बकाया राशि की वसूली के लिए ग्राम स्तर पर शिविर आयोजित करने को भी कहा गया।

दो दिवसीय दौरे में उन्होंने महिला अनुसूचित जनजाति आईटीआई और शासकीय नोडल आईटीआई का निरीक्षण किया। ग्राम सलैया स्थित एचएफडीएल फैक्ट्री देखने के बाद डुंगरिया में ग्रामीणों से बिजली आपूर्ति और बिलों की जानकारी ली तथा आईटीआई प्रवेश, शिक्षा और प्रशिक्षण पर चर्चा की।